मैनपुरी। जिले में बुखार के मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को जिला अस्पताल पहुंची चार साल की बालिका सहित तीन मरीजों की मौत हो गई। वहीं डेढ़ माह के एक अन्य बालक ने सर्दी और जुकाम से पीड़ित होने पर दम तोड़ दिया।
बिछवां थाना क्षेत्र के नगला पाल निवासी 55 वर्षीय संतोष कुमार को कुछ दिन से बुखार आने पर निजी डॉक्टर के यहां उपचार चल रहा था। शनिवार को हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसी क्षेत्र के गांव अंजनी निवासी ओमेंद्र शर्मा की चार साल की पुत्री तनु शर्मा को कई दिन से बुखार आने पर परिजन निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शनिवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे भी जिला अस्पताल लाए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं औंछा थाना क्षेत्र के गांव मधन निवासी सूरजपाल सिंह के 45 वर्षीय पुत्र रामपाल की बुखार से तबियत बिगड़ी तो शुक्रवार की रात परिजन उन्हें पहले सीएचसी कुरावली ले गए। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दन्नाहार क्षेत्र के गांव धर्मंगदपुर निवासी अरविंद कुमार के डेढ़ माह के पुत्र जिसका अभी नाम भी नहीं रखा गया था को सर्दी-जुकाम की दिक्कत थी। परिजन निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शनिवार को हालत बिगड़ी तो परिजन जिला अस्पताल लाए यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
------
ओपीडी में 1022 मरीजों को दिया प्राथमिक उपचार
जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। शनिवार को भी अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। यहां 1022 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं गंभीर हालत में 77 मरीजों को भर्ती कराया गया।