फिरोजाबाद। कोरोना का असर कम होते ही वायरल का प्रकोप बढ़ गया है। एलान नगर में तीन दिन में तीसरी मौत से लोग दहशत में हैं। शुक्रवार को आगरा में इलाज के दौरान 13 वर्षीय बालक ने दम तोड़ दिया। बिगड़ते हालातों को देखकर सदर विधायक मनीष असीजा और सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ ने भी घर-घर जाकर मरीजों का हाल पूछा। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दवा का वितरण भी किया।
एलान नगर निवासी 13 वर्षीय बालक कृष्णा पुत्र हेमंत की शुक्रवार को बुखार से मौत हो गई। बालक का आगरा के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इससे पूर्व दो बालिकाओं की मौत से क्षेत्र में दहशत है। स्थिति बिगड़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में दवा का वितरण कर रही हैं। नगर विधायक मनीष असीजा और सीएमओ डा. नीता कुलश्रेष्ठ ने शुक्रवार को घर-घर जाकर मरीजों का हाल पूछा। कई मरीजों ने शिकायत भी कि एंबुलेंस को फोन करने पर सुविधा उपलब्ध नहीं हुई।
जल निकासी न होना और गंदगी के ढेर बने बीमार के कारण
एलान नगर में गंदगी का अंबार है। क्षेत्र की गलियां कच्ची हैं तो बारिश के कारण जलभराव हो गया है। कई दिन तक पानी की निकासी न होने के कारण बीमारियां फैल रही हैं। क्षेत्र में करीब 50 से 70 लोग बीमार हैं। बीमारी बढ़ने के बाद भी नगर निगम की टीम जागरूक नहीं हुई हैं। स्वास्थ्य विभग ने क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान की आवश्यकता बताई है। नजदीक में ही कब्रिस्तान की मिट्टी भी धसकने के कारण आसपास इलाके में बदबू आ रही है।
अभी तक नहीं लिए रक्त जांच के सैंपल
निजी चिकित्सक इलाज से पूर्व रक्त जांच की सलाह देते हैं लेकिन एलान नगर में स्थिति भयाभव होने के बाद भी जांच के लिए रक्त सैंपल नहीं लिए गए हैं। ऐसे में स्थिति बिगड़ने पर भी स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय नहीं है।
- एलान नगर में एक और बालक की मौत की जानकारी लगी है। हमने भी क्षेत्र में जाकर भ्रमण किया है। हमने स्वास्थ्य टीमों को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। दवा का वितरण कराया जा रहा है। स्थिति ज्यादा खराब होने पर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
डा. नीता कुलश्रेष्ठ, सीएमओ
आरौंज में भी फैला वायरल
फिरोजाबाद। गांव आरौंज में भी वायरल फैल गया है। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक गांव में 40 से 50 लोग बीमार हैं। हर घर में चारपाई बिछी है। मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ है। स्वास्थ्य विभाग की टीम के नहीं पहुंचने पर लोगों को झोलाछाप से इलाज कराने पर मजबूर होना पड़ रहा है।