मैनपुरी। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) देकर लौटे युवाओं ने मंगलवार रात स्थानीय बस स्टैंड पर हंगामा किया। इस बीच एक परिचालक और युवाओं के बीच रोडवेज बस में चढ़ने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद जमकर मारपीट हुई। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप करके मामला शांत कराया। किसी भी पक्ष की ओर से कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई।
मंगलवार की शाम द्वितीय पाली में पीईटी देने के बाद कुछ युवा रोडवेज बस स्टैंड पर खड़े बस का इंतजार कर रहे थे। तभी एक बस स्टैंड के पास धीरे हुई। इसके बाद दो युवक बस पर चढ़ने लगे। परिचालक की ओर से विरोध किया गया और युवाओं से उतरने के लिए कहा गया। इस बीच युवाओं और परिचालक के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। बस स्टैंड पर हंगामा होता देख आसपास मौजूद लोगों ने परिचालक व युवाओं को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।