कोरोना महामारी के बाद पहली बार आगरा में मंगलवार को कक्षा छह से आठ तक के स्कूल खोले जाएंगे। अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में दो पालियों में पढ़ाई होगी। मास्क लगाकर ही प्रवेश मिलेगा। एडी बेसिक महेश चंद्र ने बताया कि छह फीट की दूरी पर बच्चे बैठाए जाएंगे। जिन स्कूलों में छात्र संख्या अधिक है, उनमें दो पालियों में पढ़ाई होगी। दूसरी पाली 11:30 से 2:30 बजे तक कक्षाएं संचालित होंगी। बाकी के स्कूलों में सुबह आठ से 2.30 बजे तक पढ़ाई होगी। स्कूलों में थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइज करने को कहा है। बच्चों को बैठाने में एक मीटर की दूरी बरतने के भी निर्देश दिए हैं।
वहीं, युनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन के महामंत्री राजीव वर्मा ने बताया कि बच्चों के टीकाकरण कराने के बाद ही विद्यालय खोले जाने चाहिए, अगर ऐसा नहीं है तो स्कूलों का सैनिटाइज जरूर किए जाने चाहिए। दूसरी तरफ सभी स्कूलों में मास्क, सैनिटाइजर की भी व्यक्तिगत तौर पर व्यवस्था की जा रही है।
स्कूल न खोलने के बयान पर अप्सा ने जताया विरोध
ऑल प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन अप्सा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सक्सेना का कहना है कि आईएमए ने बच्चों के स्कूल न खोलने के लिए डीएम को पत्र लिखा है, इसका वह विरोध करते हैं। स्कूल खोलने से शिक्षक अध्यापन कर सकेंगे, जिससे उनका परिवार चलाने में आर्थिक परेशानी नहीं होगी। आईएमए अध्यक्ष से अपना बयान वापस लेने को कहा है, ऐसा न करने पर पुतला जलाकर विरोध जताएंगे।
मथुरा में बुखार का कहर: कोह गांव में अब तक छह की मौत, दहशत में ग्रामीण, स्वास्थ्य टीम ने बांटी दवाइयां