आगरा के एत्मादपुर में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली ने रविवार को कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से प्रदेश की जनता त्रस्त है। इस दौरान उन्होंने सर्वेश बघेल को एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया। वहीं कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कुछ युवकों ने विरोध नारेबाजी की। इस पर पुलिस बुला ली गई।
भाजपा और कांग्रेस पर निशाना
बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा, मायावती की नीति ‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ की है। बसपा ही गरीबी, बेरोजगारी और अशिक्षा दूर करेगी। किसानों का कानून लाकर उन्हें सड़क पर ला दिया है। पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान पर हैं। महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा व कांग्रेस को दलितों की बदहाली के लिए जिम्मेदार बताया।
मैनपुरी: विदा होकर ससुराल जा रही दुल्हन को रास्ते में लगी प्यास, पानी लाए पति को लगा सदमा
बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में गोरे लाल जाटव, प्रताप सिंह बघेल, रामनरेश कर्दम ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान सुमित सेन, केशव निमेश, विक्रम सिंह, संतोष आनंद, अरविंद मथुरिया, विशंभर सिंह, विनोद सविता, सुरेश कुशवाहा, राकेश मौर्य, गब्बर खान भी मौजूद रहे।
सम्मेलन में युवाओं ने विरोध में की नारेबाजी
बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान काफी संख्या में युवाओं ने विरोध में नारेबाजी की। इससे हंगामा हो गया। इसके बाद आयोजनकर्ताओं ने पुलिस को बुलाया। सूचना पर पहुंची पुलिस विरोध करने वाले युवकों को आयोजन स्थल से बाहर ले कर गई। इस बारे में बसपा के जिलाध्यक्ष विमल वर्मा ने जानकारी करने पर बताया कि कुछ शरारती तत्व के लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। उन्हें पुलिस ने कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।