भाजपा नेता नितिन गुप्ता के इसी आवास पर सीबीआई ने छापा मारा।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट घोटाले में सीबीआई की एंटी करप्शन विंग ने सोमवार को आगरा में भी छापेमारी की। सपा सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री रहे नितिन गुप्ता की पुरानी विजय नगर कॉलोनी स्थित कोठी में छानबीन की गई। टीम तीन घंटे तक रुकी। चर्चा है कि टीम ने नितिन गुप्ता की फर्म अन्नपूर्णा ट्रेडिंग कंपनी से जुड़े कई दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। नितिन गुप्ता इस समय भाजपा में हैं।
लखनऊ की गोमती रिवर फ्रंट सपा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में से एक थी। रिवर फ्रंट में मैसर्स अन्नपूर्णा ट्रेडर्स को करोड़ों रुपये का ठेका मिला था। इस योजना में घोटाले के मामले में सोमवार को सीबीआई ने केस दर्ज किया है। इसके बाद कई जगह छापेमारी की गई।
नितिन गुप्ता का आवास पुरानी विजय नगर कालोनी में 94 नंबर कोठी में है। इस पते पर मैसर्स अन्नपूर्णा ट्रेडिंग कंपनी पंजीकृत है। सुबह तकरीबन नौ बजे सीबीआई की दो सदस्यीय टीम नितिन गुप्ता के आवास पर पहुंची। टीम ने गेट को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद छानबीन शुरू की गई। इस दौरान किसी को भी अंदर से बाहर और बाहर से अंदर नहीं जाने दिया गया।