मैनपुरी। शादी तय होने के बाद दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की गई। जब दुल्हन पक्ष इसे पूरा नहीं कर सका तो शादी करने से इंकार कर दिया गया। मंगलवार को कन्नौज निवासी युवती परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची और मुकदमा दर्ज कराया है।
जनपद कन्नौज के गांव आरिपपुर परोट निवासी कृष्णा देवी ने अपनी 21 वर्षीय पुत्री की शादी सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव ब्योंती खुर्द निवासी धर्मेंद्र यादव के साथ तय की थी। गोद भराई की रस्म से परिवार के लोग खुश थे। इसी दौरान दूल्हा पक्ष की ओर से पांच लाख रुपये की मांग की गई, कृष्णा देवी ने कहा कि वह पहले ही उनकी मांग के अनुसार रुपया दे चुकी हैं।
अब उनके पास और रुपये देने के लिए नहीं है। इस पर धर्मेंद्र व परिजनों ने शादी करने से मना कर दिया। इसकेे बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने धर्मेंद्र यादव, जवाहर और विक्रम के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।