मैनपुरी। सर्दी की शुरुआत होते ही जिले में निमोनिया के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचे दो बच्चों और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। तीन अन्य बच्चों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
मंगलवार को सुबह से जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। बाल रोग विशेषज्ञ के पास 40 बच्चे सर्दी, जुकाम और निमोनिया से पीड़ित होने पर पहुंचे। नौ बच्चों और बुजुर्गों को दिक्कत बढ़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं तीन बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए सैफई रेफर किया गया। आगरा रोड निवासी गोपाल के दो माह के पुत्र वीर को कुछ दिनों से निमोनिया की शिकायत थी। सोमवार की रात परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोहल्ला भरतवाल निवासी विनीता देवी के एक साल के पुत्र श्लोक को निमोनिया होने पर परिजन निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ी तो सोमवार की रात उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मोहल्ला आवास विकास निवासी 90 वर्षीय सत्यवती को निमोनिया और सांस लेने में दिक्कत होने पर परिजनों ने सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान रात में उनकी मौत हो गई।
-----
जिला अस्पताल में है उपचार की व्यवस्था
सीएमओ डॉ.पीपी सिंह का कहना है कि यदि किसी के बच्चे को निमोनिया की दिक्कत होती है तो घबराने की जरूरत नहीं है। सभी सीएचसी, जिला अस्पताल और सौ शैया अस्पताल में निमोनिया के उपचार की व्यवस्था है। दिक्कत होने पर बच्चों और बुजुर्गों को अस्पताल में ले जाकर उपचार दिलाएं।
----
निमोनिया के लक्षण
- सांस लेने या खांसने पर सीने में दर्द
- उम्रदराजों में मानसिक भ्रम की स्थिति
-खांसी, जो कफ पैदा कर सकती है
- थकान महसूस होना, आलस बने रहना
- बुखार, पसीना और कंपकंपी ठंड लगना
- मतली, उल्टी, दस्त, सांस लेने में परेशानी
------
बचाव के उपाय
- बच्चों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनाएं
- बच्चों को सुबह-शाम नंगे पैर न चलने दें
- निमोनिया-फ्लू से बचाव को टीके लगवाएं
- दिक्कत होने पर डॉक्टर से ही उपचार लें
- बुजुर्ग धूम्रपान से परहेज करें
------
मौसम में परिवर्तन के कारण निमोनिया के मरीज बढ़े हैं। यह संख्या कई गुना और बढ़ सकती है।इसलिए जागरूकता जरुरी है। बच्चों को निमोनिया से बचाव के लिए उनका सर्दी से बचाव रखें।
डॉ. डीके शाक्य, बाल रोग विशेषज्ञ
बुखार पीड़ित युवक ने तोड़ा दम
आलीपुर खेड़ा। कस्बा निवासी कुंवरसेन के 32 वर्षीय पुत्र शिव कुमार को पिछले कुछ दिन से बुखार आ रहा था। परिजन उसका आगरा के निजी अस्पताल में उपचार करा रहे थे। सोमवार की रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार शिव कुमार को डेंगू था।