कासगंज। यदि आप दो मार्च को ट्रेन से कानपुर मार्ग पर जाने का मन बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए काफी महत्वपूर्ण है। रेलवे इस दिन कासगंज से फर्रुखाबाद के मध्य एक ट्रेन को निरस्त रखेगा। जबकि एक ट्रेन का संचालन शार्ट ओरिजिनेट करेगा। ऐसे में आपको आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे प्रशासन के द्वारा 2 मार्च को पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के कानपुर अनवरगंज-कासगंज खंड के दरियावगंज-पटियाली स्टेशनों के मध्य समपार संख्या 219 पर सीमित ऊॅचाई के सब-वे निर्माण किया जाएगा। जिसके चलते इस दिन रेलवे द्वारा कासगंज फर्रुखाबाद के मध्य ब्लॉक दिया जाएगा। जिसका असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा।
रेलवे द्वारा इस दिन कासगंज-कानपुर अनवरगंज के मध्य चलने वाली ट्रेन संख्या 15040 गाड़ी को फर्रुखाबाद में शार्ट ओरिजिनेट कर कानपुर अनवरगंज के लिए चलाया जाएगा जबकि कासगंज-फर्रुखाबाद के मध्य यह ट्रेन निरस्त रहेगी। इसी तरह से फर्रूखाबाद से चलने वाली ट्रेन संख्या 05390 अनारक्षित सवारी विशेष गाड़ी भी कासगंज फर्रुखाबाद के मध्य निरस्त रहेगी।