आगरा। टेढ़ी बगिया में सोमवार रात को होटल के बाहर तीन बदमाशों ने मैनपुरी के प्रधान अजब सिंह की स्कॉपियो लूट ली थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके विवेचना की। 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। इसमें पता चला कि बदमाश कार लूटकर खंदौली की तरफ भागे, लेकिन हाथरस की तरफ नहीं गए। उन्होंने बाहर निकलने के लिए गांव के रास्ते का प्रयोग किया। पुलिस की दो टीम बदमाशों की तलाश में लगी हैं।
मैनपुरी के किशनी स्थित हुसैनपुरा निवासी ग्राम प्रधान अजब सिंह को डेंगू होने पर सोमवार शाम को उनके दोस्त रोजगार सेवक अनिल कुमार और औसान सिंह स्कार्पियो से आगरा लाए थे। टेढ़ी बगिया स्थित एक हॉस्पिटल में अजब सिंह को भर्ती कराने के बाद अनिल और औसान सिंह खाना खाने के लिए हॉस्पिटल से स्कार्पियो लेकर अन्नपूर्णा होटल आए थे। तभी तीन बदमाशों ने औसान सिंह की पिटाई करने के बाद स्कार्पियो लूट ली थी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।
थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए गए। कार लेकर बदमाश खंदौली की तरफ गए। खंदौली और हाथरस की सीमा पर नहीं पहुंचे। रास्ते में ही किसी गांव की तरफ मुड़ गए। इसके बाद कार फुटेज में नजर नहीं आई है। आशंका है कि बदमाशों ने शहर से बाहर निकलने के लिए गांव के रास्तों का प्रयोग किया। मुख्य मार्ग पर पुलिस भी पकड़ सकती थी। बदमाशों की तलाश में टीम लगी है।