कासगंज/ गंजडुंडवारा। जिला में बुखार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। गंजडुंडवारा क्षेत्र के ग्राम गनेशपुर में एक युवती की बुखार से मौत हो गई। युवती में डेंगू की एनएस-1 जांच पोजिटिव आई। वहीं सोमवार को जिला अस्पताल में 747 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। रजिस्ट्रेशन से लेकर चिकित्सकों को दिखाने के लिए मरीजों को लंबी कतार लगानी पड़ी। वहीं ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर भी काफी संख्या में मरीज इलाज को पहुंचे।
गनेशपुर निवासी नसीमा परवीन (18) पुत्री आफताव को 5 दिन पहले बुखार आया। बुखार के बाद परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं आया। इसके बाद परिजन उसे आगरा ले गए। जहां से उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। जयपुर में उसकी जांच की गई। जांच में उसकी डेंगू की एनएस-1 रिपोर्ट पोजिटिव आ गई। काफी इलाज के बाद भी युवती की हालत में सुधार नहीं आया। उसने जयपुर में दम तोड़ दिया।
वहीं वायरल फीवर के साथ ही मलेरिया एवं डेंगू भी जिले में हाहाकार मचाने लगा है। बुुखार आने पर अब मरीज लापरवाही नहीं बरत रहे। वे इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों की दौड़ लगाने लगे हैं। अस्पताल 747 मरीजों ने इलाज कराया। जिनमें 172 बुखार पीड़ित, 80 सर्दी खांसी, जुकाम के मरीज तथा शेष अन्य मरीज रहे। वहीं कासगंज, सोरों, सहावर, गंजडुंडवारा, अमांपुर, पटियाली सिढ़पुरा के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मरीजों की काफी भीड़ रही। इन केंद्रों पर 200 से 300 तक मरीज इलाज को पहुंचे।
बच्चों में भी फैल रहा बुखार
जिला अस्प्ताल में 80 बच्चों को लेकर परिजन इलाज के लिए पहुंचे। अधिकतर बच्चों में बुखार की शिकायत मिली। इसके साथ ही सर्दी, खांसी, जुकाम से भी बच्चे पीड़ित होकर इलाज को पहुंचे। कुछ बच्चों में फोड़ा, फुंसी की भी शिकायत भी थी।
एक बालिका को किया भर्ती
जिला अस्पताल पर इलाज को पहुंचने वाली एक बालिका में तेज बुखार मिला। इसके बाद उसे चिकित्सकों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया। चिकित्सक बालिका में डेंगू की संभावना मानकर चल रहे हैं।
जिला अस्पताल में रोगियों की संख्या बढ़ रही है। तेज बुखार के चलते एक बालिका को अस्पताल में भर्ती किया गया है। बालिका की डेंगू से संबंधित जांच कराई जाएगी। -डॉ. एसपी सिंह सिंधू, सीएमएस
बुखार पीड़ित युवक की आगरा में मौत
गंजडुंडवारा। गनेशपुर निवासी अजय पुत्र वीरेंद्र नासिक में मजदूरी करता था। वहां उसे बुखार आ गया। इसके बाद परिजन उसे आगरा इलाज के लिए लेकर आए। जहां चिकित्सकों को दिखाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखकर उसे रेफर कर दिया। परिजन बाहर लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में मौत हो गई।