ताजनगरी आगरा में आगरा जोन के 7 जिलों में से किसी में भी महिला थाना के अतिरिक्त किसी थाने में महिला प्रभारी तैनात नहीं हैं, जबकि आगरा कमिश्नरेट में दो थाने और तीन सर्कल में महिला अधिकारी तैनात हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने सभी जिलों के एसएसपी-एसपी को दिशानिर्देश दे दिए हैं। इस पर सूची तैयार की जा रही है। ऐसी महिला निरीक्षक और उप निरीक्षक की तलाश की जा रही जो, क्षेत्र में कानून व्यवस्था से लेकर अपराध नियंत्रण कर सकें।
आगरा कमिश्नरेट की बात करें तो महिला दरोगा से लेकर सीओ चार्ज संभाल रही हैं। सदर में एसीपी अर्चना सिंह, लोहामंडी में दीक्षा सिंह व कोतवाली में डा. सुकन्या शर्मा तैनात हैं। इनके अलावा थाना पर्यटन में रीना चौधरी और महिला थाना में एसआई डेजी पंवार तैनात है। बतौर चौकी प्रभारी थाना हरीपर्वत की संजय प्लेस चौकी पर एसआई नीलम राणा, पालीवाल पार्क चौकी पर हेमलता तैनात हैं। इसके अलावा लोहामंडी व बाह थाना क्षेत्र, ताजमहल सहित अन्य चौकियों पर महिला दरोगा को प्रभार है। वहीं सेल का प्रभार भी महिला निरीक्षकों को दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जोन के जिलों में महिला थाना के अतिरिक्त किसी थाने का प्रभार देने से पहले यह भी देखा जाएगा कि चुनाव के दौरान किसी को हटाया तो नहीं जाएगा। कोई विधानसभा और लोकसभा के हिसाब से अपनी समयावधि तो पूरा नहीं कर रहा है।