मैनपुरी। सहकारी समितियों पर बुधवार से डीएपी का वितरण शुरू होने से किसानों को राहत मिली है। हालांकि भीड़ अधिक होने के चलते उन्हें घंटों लाइन लगानी पड़ रही है। सचिवों के हड़ताल पर जाने के चलते समितियों पर खाद वितरण का कार्य प्रभावित हो गया था।
वर्तमान में आलू और गेहूं की बुवाई का काम तेजी से चल रहा है। बुवाई में किसानों को डीएपी की आवश्यकता है। पहले डीएपी की कमी के चलते किसान परेशान थे, जब डीएपी की आपूर्ति बढ़ी तो सहकारी समिति के सचिव हड़ताल पर चले गए। इससे खाद का वितरण रुक गया। प्रशासन ने सचिवों से वार्ता कर हड़ताल खत्म करा दी। इसके बाद बुधवार को जिले की 25 सहकारी समितियों पर डीएपी का वितरण किया गया। बाकी सहकारी समितियों पर भी डीएपी पहुंचते ही वितरण शुरू हो जाएगा। बफर से समितियों पर डीएपी पहुंचाने का काम लगातार जारी है।
---
पुलिस की मौजूदगी में हुआा वितरण
घिरोर। बुधवार को सहकारी समितियों पर डीएपी का वितरण शुरू हुआ तो किसानों की भीड़ लग गई। इससे कई समितियों पर अव्यवस्था के हालात पैदा हो गए। एसडीएम घिरोर के निर्देश पर सभी जगह पुलिस की तैनाती की गई। इसके बाद सहकारी समिति शाहजहांपुर, गढ़ी बमरौली, नगला भूड़ आदि पर किसानों को डीएपी खाद वितरित की गई। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चेक व आधार कार्ड के माध्यम से खाद वितरित हुई। सचिव सुखवीर सिंह ने बताया कि समिति को 20 टन डीएपी खाद मिली थी, जो किसानों को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर वितरित की जा रही है। खाद वितरण के दौरान समिति के अध्यक्ष आलोक मिश्रा, नागेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, अशोक चौधरी आदि मौजूद रहे।