मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में दीवानी रोड जाने वाले मार्ग पर अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया हालांकि उसके पास तमंचा नहीं मिला।
कोतवाली क्षेत्र के दीवानी रोड निवासी आदेश का गुरुवार दोपहर को परिवारीजनों से झगड़ा हो गया। वह किसी बात से नाराज होकर मां के साथ मारपीट करने लगा तो भाई ने इसका विरोध किया। इसी बात से नाराज होकर वह तमंचा निकाल लाया। तमंचा हाथ में देखकर जब भाई रोड पर भागा तो आदेश ने फायर कर दिए। सरेराह फायरिंग होता देख मार्ग से गुजर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलने के बाद स्वाट टीम व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक आरोपी की तलाश के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
उसने बताया कि फायरिंग करने के बाद उसने तमंचा ईशन नदी पुल के नीचे पानी भरे प्लॉट में फेंका था। पुलिस ने काफी देर तक वहां तमंचा की तलाश की लेकिन नहीं मिल सका। सूत्रों की मानें तो आरोपी खुद को बाबा बताता है और उसके एक विधवा महिला के साथ संबंध हैं। इसी वजह से आरोपी की पत्नी और घरवाले विरोध करते हैं। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। हालांकि कोई तहरीर नहीं दी गई।