आगरा: इसी कार से हुई लड़की को खींचने की कोशिश
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में रामबाग चौराहे पर मंगलवार सुबह एक छात्रा से कार चालक ने छेड़छाड़ कर दी। उसे हाथ पकड़कर कार में खींच लिया। इस पर साहसी छात्रा कार की खिड़की से लटक गई। उसने शोर भी मचा दिया। इस पर चालक ने कार को दौड़ा दिया। मगर, अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। छात्रा के सड़क पर गिरने पर टक्कर भी मार दी। लोगों के जुटने पर आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।
थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की रहने वाली छात्रा ट्रांसयमुना कॉलोनी स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ती है। पिता ने बताया कि बेटी को वो सुबह कोचिंग छोड़कर आए थे। 10:30 बजे बेटी पैदल सहेलियों के साथ घर आ रही थी। रामबाग चौराहे के पास ईको गाड़ी लेकर एक युवक बेटी के पास आया। उसने बेटी को कार में खींच लिया। कार दौड़ाने लगा। मगर, बेटी युवक से भिड़ गई। इस पर युवक ने उसे धक्का दे दिया। वो खिड़की से लटक गई। आरोपी कार को दौड़ाने लगा। इससे कार डिवाइडर से टकरा गई। इस पर छात्रा सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसे कार से टक्कर मार दी। तभी राहगीर आ गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस की पूछताछ में उसने अपना नाम बरहन निवासी सनी बताया। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर छेड़छाड़ और जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया। वहीं छात्रा के चोट लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे रात में घर में भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
मोबाइल लूट की चर्चा
छात्रा के साथ हुई घटना को लेकर चर्चा रही कि कार में सवार बदमाश ने मोबाइल लूट का प्रयास किया था। इस पर छात्रा कार की खिड़की से लटक गई। हालांकि पिता ने इस तरह की चर्चा को गलत बताया। वहीं पुलिस ने भी छेड़छाड़ की बात सामने आने की बात कही है। थाना प्रभारी का कहना है कि छात्रा ने अपने बयान में छेड़छाड़ की बात कही है। इस पर मुकदमा दर्ज किया गया। चर्चा मोबाइल लूट के प्रयास की थी। मगर, इसकी पुष्टि छात्रा ने नहीं की।
मथुरा: यातायात पुलिस की चेकिंग में बाइक सवार ने मचाया हंगामा, सड़क पर तोड़ दी लाइट