आगरा। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त बस। संवाद
- फोटो : Agra Dehat
फतेहाबाद (आगरा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार की भोर करीब तीन बजे लखनऊ से मथुरा जा रही रोडवेज बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में चालक समेत 5 सवारियां घायल हो गईं। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बस में कुल 16 लोग सवार थे।
पुलिस के मुताबिक एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में भोर करीब तीन बजे एक ट्रक को चालक बैक कर रहा था, तभी पीछे से आई मथुरा डिपो की बस ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में कंडक्टर की तरफ बस की बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बस चालक पवन कुमार निवासी गोवर्धन चौक, मथुरा ,कृष्ण वीर निवासी गोवर्धन चौक, मथुरा, श्रीनाथ निवासी सुल्तानपुर ,नवल किशोर निवासी डीग, भरतपुर ,पुष्पा देवी पत्नी राम किशन निवासी माल रोड, लखनऊ घायल हो गए।
सभी घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भेजा गया। वहीं क्षतिग्रस्त बस को टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।