आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन अभी मुख्य परीक्षाओं के परिणाम जारी करने में उलझा हुआ है। सेमेस्टर पाठ्यक्रमों के परिणाम लटके हुए हैं। परीक्षाओं के परिणाम की तो बात दूर, अभी तक विभिन्न पाठ्यक्रमों के दूसरे, चौथे और छठवें सेमेस्टर के प्रोन्नत छात्रों का परिणाम जारी नहीं किया गया है।
आवासीय इकाई के संस्थानों और संबद्ध कॉलेजों में संचालित सेमेस्टर पाठ्यक्रमों के दूसरे, चौथे और छठे सेेमेस्टर में करीब 15,000 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। मुख्य परीक्षा वाले स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों के साथ सेमेस्टर पाठ्यक्रमों के दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर के छात्रों को प्रोन्नत करने का निर्णय विश्वविद्यालय की कार्य परिषद में लिया गया था।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीए, बीएससी, बीकॉम और बीकॉम वोकेशनल के साथ परास्नातक प्रथम वर्ष के प्रोन्नत छात्रों के परिणाम तो जारी कर दिए हैं। सेमेस्टर पाठ्यक्रमों के प्रोन्नत छात्र-छात्राएं अभी परिणाम जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। छात्र-छात्राएं लगातार संबंधित विभाग और संस्थान में संपर्क कर रहे हैं।
25 फीसदी छात्रों ने अभी परीक्षा फॉर्म नहीं भरे
विवि के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर ने बताया कि सेमेस्टर पाठ्यक्रमों के जिन छात्रों को प्रोन्नत का परिणाम दिया जाना है, उसमें से करीब 25 फीसदी छात्रों ने अभी तक परीक्षा फॉर्म नहीं भरा है। जबकि प्रोन्नत छात्रों के लिए भी परीक्षा फॉर्म भरना अनिवार्य किया गया था। इससे परिणाम जारी करने में देरी हो रही है। जल्द इन छात्रों पर निर्णय लेकर परिणाम जारी कर दिया जाएगा।