किरावली में रालोद ने बंद कराई दुकानें
भारत बंद के समर्थन में दुकानें बंद कराने निकले रालोद नेता दिलीप सिंह को पुलिस ने गांव कुकथला में नजरबंद कर दिया। इसके अलावा रालोद जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर और युवा रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रजेश चाहर ने बाजार बंद कराए। इस दौरान पुलिस प्रशासन से नेताओं की नोंकझोंक हुई। अपर जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव, एसपीआरए सत्य जीत गुप्ता दल बल के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। सीओ अछनेरा महेश कुमार ने बताया कि किरावली, फतेहपुर सीकरी, अकोला और मलपुरा में भारत बंद का मामूली असर देखने को मिला। बाह, जरार, बाह, जैतपुर के बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले रहे।
पिनाहट में किसान नेताओं को किया गया नजरबंद
भारत बंद का समर्थन कर रहे भाकियू (टिकैत) नेताओं को पुलिस ने सोमवार को उनके कार्यालयों में नजरबंद कर दिया। गांव करकोली में विनोद परिहार, रामकेश कंसाना, रामवकील परिहार, तेजवीर परिहार को नजर बंद किया गया था। एसडीएम अब्दुल बासित और सीओ संजय कुमार रेड्डी ने शांति बहाली के लिए दल बल के साथ फ्लैगमार्च किया।
मथुरा के बाजार खुले
मथुरा जिले में किसानों के भारत बंद को लेकर पुलिस अलर्ट है। होलीगेट समेत सभी प्रमुख बाजार खुले हैं। एहतियात के तौर पर बाजारों में पुलिस तैनात है। उधर, फिरोजाबाद में भारतीय किसान यूनियन राकेश टिकैत, लोक शक्ति यूनियन के नेताओं को पुलिस ने नजरबंद किया है।