बिछवां। भनऊ तिराहा के पास स्थित देसी शराब और बीयर के ठेका के ताले तोड़ कर सोमवार रात चोर 28 पेटियां शराब और बीयर चोरी कर ले गए। चोर दुकानों में लगे सीसीटीवी और डीवीआर भी साथ ले गए। मंगलवार की सुबह जानकारी होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अनुज्ञापी की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
थाना क्षेत्र के भनऊ तिराहा के पास देसी शराब और बीयर का ठेका है। सोमवार की रात सेल्समैन दुकानें बंद कर घर चले गए। मंगलवार की सुबह जब दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो शटर के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। देसी शराब ठेका के सेल्समैन अजय दुबे ने पुलिस को बताया कि चोर 10 पेटी शराब चोरी कर ले गए। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी और डीवीआर भी चुरा ले गए। बीयर ठेका के सेल्समैन राधेश्याम ने बताया कि दुकान से 18 पेटियां चोरी हुईं हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सेल्समैन से जानकारी जुटाई।
-----
पुलिस को लेकर दुकानदारों में आक्रोश
स्थानीय दुकानदार में पुलिस की कार्यशैली को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि दुकानों से कुछ दूरी पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है। रात्रि गश्त करने वाली टीमें अपना काम सही ढंग से नहीं कर रही हैं, इसके चलते आए दिन चोरी की वारदात हो रही हैं। कुछ दिन पहले भी चोर बीयर की दुकान के ताले तोड़ कर चोरी कर ले गए थे। वहीं चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद हुई थी। इसके बाद भी पुलिस चोरों का पता नहीं लगा सकी।