एंटी करप्शन की टीम ने शुक्रवार को बरौली अहीर फीडर पर तैनात जेई गगन कुमार गुप्ता को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा। उसके खिलाफ थाना ताजगंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि फतेहाबाद तहसील में तैनात लेखपाल नेम सिंह की शिकायत पर कार्रवाई की गई। लेखपाल ने वर्ष 2016 में एक किलोवाट का घरेलू कनेक्शन लिया था। वह बरौली अहीर में रहते हैं। दो साल से उनके पास बिल नहीं आ रहे थे। शिकायत की सुनवाई नहीं हुई। दस अगस्त को बिजली विभाग की टीम आई और कनेक्शन काट दिया।
जेई गगन कुमार गुप्ता ने निरीक्षण कर बताया कि 2.72 लाख रुपये का बिल बनेगा। आरोप है कि जेई ने एक लाख रुपये और बाद में 50 हजार रुपये में बिल कम करने की बात कही। 25 हजार रुपये एडवांस में मांगे।
नेम सिंह की शिकायत पर शुक्रवार को दोपहर तीन बजे एंटी करप्शन की टीम ने बरौली अहीर फीडर पर रिश्वत की रकम लेते जेई कोे पकड़ लिया। थाना ताजगंज में एंटी करप्शन के निरीक्षक जसपाल पंवार ने मुकदमा दर्ज कराया।
जालौन के रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी जेई गगन गुप्ता मूलरूप से उरई, जालौन के रहने वाले हैं। इस समय दयालबाग में रहते हैं। गिरफ्तारी की जानकारी पर परिवार के लोग पहुंच गए थे।