आगरा के लोहामंडी में नमकीन व्यापारी अजय कुमार बंसल के बेटे आयुष से 3.30 लाख रुपये की टप्पेबाजी में राजस्थान के गैंग पर पुलिस को शक है। पुलिस की टीम बदमाशों की धरपकड़ में लगी है। स्मार्ट सिटी के कैमरों को चेक किया है। पुलिस को कुछ और फुटेज मिल गए हैं। उनकी मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है। इसके अलावा पुराने बदमाशों का रिकॉर्ड भी देखा जा रहा है।
बोदला निवासी अजय कुमार बंसल का लोहामंडी में नमकीन का कारोबार है। उनके बेटे आयुष बंसल सोमवार सुबह बैंक जा रहे थे। इसके लिए अपनी कार के पास आए थे। तभी उनके पास दो युवक आ गए थे। दोनों ने सड़क पर दस- दस के नोट पड़े होने की बात कही थी। आयुष नोट उठाने लगे। तभी उनकी कार से 3.30 लाख रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया गया था। आयुष ने पुलिस को सूचना दी थी। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में दो किशोर सहित सात लोग कैद हो गए थे।
सीसीटीवी में नजर आए बदमाश
आयुष बंसल न बताया कि गैंग के सदस्य अलग-अलग बाजार में खड़े थे। वह जाते समय सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में आ गए। उन्होंने महाराज अग्रसेन सेवा सदन के पास से ऑटो किया था। इसके बाद ऑटो कहां गया, यह पता नहीं चल सका है। उधर, पुलिस ने स्मार्ट सिटी के कैमरों को चेक किया। मगर, बदमाश नजर नहीं आए। थाना लोहामंडी के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि वारदात में राजस्थान के गैंग पर शक है। क्योंकि इस तरह से व्यापारियों को निशाना राजस्थान का गैंग बनाता है। पुलिस टीम लगी है। शाहगंज की तरफ गैंग के सदस्य गए है। पूर्व में जेल भेजे गए टप्पेबाज गैंग के बदमाशों का भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। बदमाशों के कुछ और फुटेज मिले हैं। उनसे पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
आगरा: नमकीन व्यापारी बना टप्पेबाजों का शिकार, दस-दस के नोट सड़क पर गिराकर कार से ले उड़े 3.30 लाख