हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर से बिगड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से मंगलवार को जारी बुलेटिन के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से यह बदलाव देखने को मिलेगा। प्रदेश में बुधवार और गुरुवार को मौसम साफ रहेगा। 24 और 25 दिसंबर को प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम में आए बदलाव से इस बार व्हाइट क्रिसमस के आसार भी बने हैं। शिमला और मनाली में बीते 12 वर्षों से 25 दिसंबर को बर्फबारी नहीं हुई है। उधर, धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। न्यूनतम तापमान में सुधार आने से केलांग और कल्पा को छोड़ सभी क्षेत्र माइनस से बाहर आ गए हैं। मैदानी जिलों में सुबह और शाम धुंध पड़ने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित चल रही है।
उधर, लाहौल की मयाड़ घाटी में सोमवार रात को ताजा बर्फबारी हुई है। जिससे उदयपुर से कुल्लू और उदयपुर से केलांग जाने वाली बसें प्रभावित रहेंगी। प्रशासन के अनुसार जैसे ही मार्ग बहाल होगा, बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। वहीं, चार दिन बाद केलांग से कुल्लू के बीच अटल टनल से बस सेवा शुरू हो गई है। आरएम मंगल चंद मनेपा ने कहा कि उदयपुर में ताजा बर्फबारी से बस सेवा प्रभावित हुई है।
वहीं, जलोड़ी जोत पर चार दिन पूर्व गिरी करीब आधा फीट बर्फ के चलते बाधित एनएच 305 छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। शनिवार से सड़क बाधित रही, जिसके चलते कुल्लू की तरफ आवाजाही करने वाले यात्रियों को जलोड़ी जोत से बंजार की तरफ छह किमी पैदल सफर करना पड़ा। जलोड़ी जोत पर तैनात दूरसंचार पोस्ट के कांस्टेबल अभिषेक से मिली जानकारी के अनुसार छोटे वाहनों की आवाजाही मंगलवार दोपहर से शुरू हो गई है। सुबह और शाम सड़क पर बर्फ जमने से वाहन स्किड होने का खतरा है। इसलिए उन्होंने जनता से अपील की है कि सुबह-शाम वाहन न चलाएं, केवल दोपहर के समय ही आवाजाही करें।