कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा रद्द करने के सरकार के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। कहा कि यह उन परीक्षार्थियों के साथ अन्याय है, जिन्होंने इस परीक्षा के लिए कठोर मेहनत की थी। प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। भविष्य में ऐसी कोई पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कड़े उपाय किए जाएं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि पिछले दो साल से पुलिस की इस भर्ती के लिए करीब 70 हजार युवाओं ने कड़ी मेहनत की थी। उनकी यह मेहनत सरकार के फैसले के बाद पानी में मिल गई है। उन्होंने उन युवाओं के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई है, जो अब इस भर्ती के लिए ओवरएज हो रहे हैं। प्रतिभा ने कहा कि सरकार बेरोजगार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ न करे। पुलिस की भर्ती परीक्षा रद्द करने के बाद उन युवाओं को एक विशेष मौका देना चाहिए, जो ओवरएज हो रहे हैं।
कांग्रेस में नए लोगों को दी जाएंगी जिम्मेदारियां : प्रतिभा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि जल्द पार्टी पदाधिकारियों की बैठक बुलाकर भावी रणनीति तय की जाएगी। पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। जिसे जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका अवलोकन किया जाएगा। पार्टी में कुछ और लोगों को नई जिम्मेदारियां देकर कार्यों में तेजी लाई जाएगी। प्रदेशाध्यक्ष ने सभी से एकसाथ चलने और अनुशासन में रहने के लिए कहा। कहा कि पार्टी के किसी भी दिशा-निर्देश की अवहेलना सहन नहीं की जाएगी। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और सह प्रभारी संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, वरिष्ठ नेता डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, विनय कुमार, हर्ष महाजन, रामलाल ठाकुर, आशा कुमारी, रोहित ठाकुर, आशीष बुटेल, पूर्व विधायक संजय रत्न और जगजीवन पाल ने प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह से भेंट की। कांग्रेस नेताओं ने आगामी रणनीति पर भी मंथन किया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रतिभा सिंह से मिलने आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रहाी। प्रतिभा ने समर्थकों से कहा कि पार्टी के भीतर सभी को सम्मान दिया जाएगा। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर चल पड़ी है। विधानसभा चुनावों के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कहा कि वह जल्द जिला अध्यक्षों के बाद ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक करेंगी। जिलों के दौरे के दौरान बूथ कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगी।