धर्मशाला में प्रश्नपत्र लीक मामले के बाद सोलन में भी जांच तेज
पुलिस कांस्टेबल भर्ती की परीक्षा के कांगड़ा में पेपर लीक होने के मामले के बाद अब जिला सोलन पुलिस ने भी जांच तेज कर दी है। पुलिस मामले में कोई कोताही न हो, इसके लिए दोबारा व्हाट्सएप पर नष्ट किए डाटा को फोरेंसिक लैब हैदराबाद या चंडीगढ़ भेजेगी। इससे पहले नष्ट हुए व्हाट्सएप डाटा को जांच टीम ने अपने स्तर पर रिकवर करने की कोशिश की, लेकिन यह पूरी से निकल नहीं पाया। जो डाटा सामने आया है, साइबर क्राइम की टीम ने उसका रिकॉर्ड तैयार कर लिया है। अप्रैल में लिखित परीक्षा पास करवाने के नाम पर पैसे मांगने के आरोप में पुलिस ने अर्की के पांच युवकों को गिरफ्तार किया था।
आरोप है कि ग्राउंड टेस्ट पास कर चुके कई अभ्यर्थियों से इन्होंने संपर्क किया। उनसे लिखित परीक्षा पास कराने के लिए व्हाट्सएप चैटिंग कर और कॉल के माध्यम से पैसे मांगे हैं। पूछताछ के बाद युवाओं को छोड़ दिया था। इनके मोबाइल जब्त कर लैब में पुराना डाटा रिकवर करने के लिए भेजा गया है। पुलिस को शक है कि इन युवाओं के तार किसी बड़े सरगना से जुड़े हो सकते हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि जिन अभ्यर्थियों से इन युवकों ने संपर्क किया है, वे परीक्षा में पास हुए हैं या नहीं, इन सभी विषयों का पता मोबाइल से नष्ट किए डाटा से मिलेगा। उधर, एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस मोबाइल डाटा खंगाल रही है। युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।