शिमला। दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित दाखिल मरीजों के कोरोना टेस्ट होंगे। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रबंधन का कहना है कि सभी मरीजों के इस दौरान आरटीपीसीआर टेस्ट करवाए जाएंगे। प्रदेश भर में बढ़ते कोरोना मामलों के बाद अस्पताल प्रबंधन ने एहतियातन यह निर्देश जारी किए हैं।
डीडीयू अस्पताल में रोजाना हजारों की तादाद में मरीज इलाज करवाने के पहुंचते हैं। इनमें से कई मरीजों की हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में दाखिल किया जाता है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब दाखिल मरीजों के टेस्ट करवाने का निर्णय किया गया है। इसके अलावा प्रबंधन ने जनरल और मेडिसिन ओपीडी में इलाज करवाने के लिए पहुंचने वाले जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों के भी कोविड टेस्ट करवाने के निर्देश दिए हैं।
कोरोना के तीन नए मरीज, डॉक्टर भी संक्रमित
मंगलवार को भी अस्पताल में 66 मरीजों के कोविड टेस्ट किए गए हैं। इनमें तीन मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बताया जा रहा है कि तीनों पॉजिटिव मरीजों को सात दिन तक होम आइसोलेट किया गया है। इसके अलावा आईजीएमसी में एक चिकित्सक भी कोरोना पॉजिटिव आया है। मंगलवार को जिलेभर में 23 नए मामले सामने आए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 48 पहुंच गई है।