शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को काफी राहत दी है। कॉलेज के विद्यार्थी एक ही शहर में अब एक से दूसरे कॉलेज में माइग्रेशन ले सकेंगे। विश्वविद्यालय की 30 मई को हुई कार्यकारिणी परिषद की बैठक में एक ही शहर के दूसरे कॉलेज में माइग्रेशन लेने पर लगाई गई शर्त को आर्डिनेंस से हटा दिया है। ईसी से मंजूरी के बाद विश्वविद्यालय के अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक डॉ. ऐके तिवारी ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। इससे पहले विद्यार्थी एक कॉलेज से दूसरे कॉलेज में माइग्रेट तो हो जाते थे लेकिन आर्डिनेंस में इसकी अनुमति नहीं होती थी। परीक्षा परिणाम तक लटक जाता था। एक कॉलेज से दूसरे कॉलेज में शिफ्ट होने पर ऑनलाइन असेसमेंट करवाना मुश्किल होता था। विवि प्रशासन के इस फैसले से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
नई शिक्षा नीति के लिए जरूरी था रोक हटाना
शिमला। प्रदेश में लागू की जाने वाली नई शिक्षा नीति में मल्टीपल एंट्री, एग्जिट के साथ ही ऑनलाइन बैंक आफ क्रेडिट जैसी सुविधाएं शुरू किए जाने के लिए एक ही शहर में दूसरे कॉलेज में माइग्रेशन पर लगी रोक को हटाना आवश्यक था।
चूंकि नई शिक्षा नीति में विद्यार्थी अपनी मर्जी से पढ़ाई छोड़कर कुछ अंतराल के बाद डिग्री के लिए आगे की पढ़ाई जारी रख सकता है। वह अपनी मर्जी से किसी भी संस्थान से आगे की पढ़ाई जारी रख सक ता है। शर्त के हट जाने से कॉलेजों में नई शिक्षा नीति लागू करना भी अब आसान होगा।