घर में घुसे तेंदुए को किया रेस्क्यू।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के उपमंडल करसोग के बगाश में गुरुवार देररात एक तेंदुआ एक घर में घुस गया। तेंदुआ कुत्ते पर हमला करने आया था। इस दौरान तेंदुआ घर के स्टोर में घुस गया। घर के सदस्यों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। सूचना ग्रामीणों सहित वन विभाग को दी। सुंदरनगर से वन विभाग की वाइल्ड लाइफ की टीम को बुलाया गया। शुक्रवार करीब 2:30 बजे तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को बेहोश कर घर से बाहर निकाला। उसे पिंजरे में करसोग लाया गया। रेस्क्यू टीम में सुंदरनगर से डॉ. कैलाश के नेतृत्व में पांच टीम करसोग पहुंची थी।
तेंदुआ देर रात करीब 10 बजे रिहायशी मकान के एक स्टोर में घुसा था। इसके बाद तेंदुआ 16 घंटे तक कमरे के अंदर ही कैद रहा। तेंदुए ने कमरे की खिड़की से बाहर निकलने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं निकल पाया। रिहायशी इलाके में तेंदुए के घुसने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग अभी और तेंदुए होने की भी संभावना जता रहे हैं। इसके लिए लोगों ने क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है। करसोग वन मंडल के डीएफओ वासु डोंगर का कहना है कि रेस्क्यू के बाद तेंदुए पर काबू पाया गया है। फिलहाल तेंदुए को करसोग लाया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में एक और तेंदुआ होने की भी संभावना है। इसके लिए वन विभाग गश्त बढ़ा रहा है।