झाड़ियों को हिलते देख शिकार करने आए एक शख्स ने गोली चला दी। लेकिन ये गोली झाड़ियों में पानी की पाइप जोड़ रहे किसान को लग गई। मामला हिमाचल के जिला सोलन की बनासर पंचायत का है।
यहां के गांव मंझोल में शिकारी ने जानवर समझकर एक किसान पर गोली दाग दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना वीरवार सुबह करीब 11:00 बजे की है। आरोपी शिकारी ने थाने आकर आत्मसमर्पण कर दिया है।
पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार रोशन लाल (47) गांव टकरोटा वीरवार सुबह मंझोल गांव के नाले में अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक लेकर शिकार पर गया था।