वहीं शिमला शहर में मंगलवार को आम लोगों में उपचुनाव के परिणाम की खूब चर्चा रही। शहर में जहां भी देखा, चुनाव नतीजों पर लोग अपनी-अपनी राय दे रहे थे। पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट से मालरोड जा रहा एक व्यक्ति फोन पर बात करते हुए बोला, अरे 107 का पेट्रोल, हजार रुपये का गैस सिलिंडर, रिजल्ट 4-0 तो होना ही था। कहा कि भाजपा शून्य और कांग्रेस चार सीटें जीत गई है। लोग महंगाई से मर रहे हैं। गुस्सा कहीं तो निकलना था। लिफ्ट की फर्स्ट स्टेज से शुरू हुई फोन पर बात सेकेंड स्टेज से बाहर निकल कर माल रोड तक जारी रही। सब्जी मंडी में भी सब्जी विक्रेता चुनाव परिणाम को लेकर चर्चा में मशगूल दिखे।
मंडी और कांगड़ा से संबंध रखने वाले सब्जी विक्रेता मंडी सीट पर कांग्रेस की जीत से हैरान थे। गंज बाजार में भी दुकानदारों और ग्राहकों में खूब चर्चा रही। राशन की खरीदारी करते हुए लोग उपचुनाव परिणामों पर अपनी राय बताते दिखे। शहर की लोकल बसों में भी चुनाव परिणाम ही चर्चा का मुख्य मुद्दा रहा। दोपहर बाद तीन बजे ओल्ड बस स्टैंड से बड़ागांव जा रही बस में बैठा व्यक्ति फोन पर दूसरे को बधाई दे रहा था। बोला-जनाब वही हुआ जो मैंने कहा था 4-0। लोगों में महंगाई को लेकर बहुत गुस्सा है। ओल्ड बस स्टैंड में ड्राइवर कंडक्टरों के बीच भी उपचुनाव के परिणाम ही चर्चा का विषय रहे।