देवभूमि हिमाचल प्रदेश में रविवार को रोहतांग समेत ऊंची चोटियां एक बार फिर बर्फ से लकदक हो गई हैं। मनाली और चंबा में झमाझम बारिश हुई है जबकि राजधानी शिमला में मौसम शुष्क रहा। ताजा बर्फबारी की वजह से एचआरटीसी केलांग डिपो ने कुल्लू और मनाली के लिए केलांग और उदयपुर से चलने वाली बसों को बंद कर दिया है। कुल्लू में अटल टनल रोहतांग के आसपास फिसलन की वजह से बस सेवा बंद की गई है।
पर्यटकों को भी सोलंगनाला से आगे नहीं भेजा जा रहा है। रविवार को रोहतांग, बारालाचा, कुंजुम दर्रा, अटल टनल नॉर्थ पोर्टल, कोससर, सिस्सू, साच पास, घेपन पीक, बड़ा और छोटा शिगरी ग्लेशियर, दारचा, जिस्पा, छिका, रारिक, रंगयोग, बरयोग योचे और चंद्रा घाटी के तमाम इलाकों में बर्फबारी हुई है।
बीते दो और तीन दिसंबर को हिमपात से पूरी लाहौल घाटी पहले ही बर्फ से लकदक है। रिहायशी इलाकों से लेकर ऊंची पहाड़ियों पर 45 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सोमवार और मंगलवार को फिर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। बुधवार को धूप खिलने का पूर्वानुमान है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री और अधिकतम सामान्य से दो डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है।
चंबा में भूकंप का झटका, सहमे लोग
चंबा जिले में शनिवार देर रात करीब 1:19 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया है। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.8 मापी गई है। भूकंप के झटके से कुछ लोग सहम गए, हालांकि नींद में होने के कारण कई को इसका पता ही नहीं चला। उपायुक्त डीसी राणा ने बताया कि भूकंप से जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
कहां कितनी बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
रोहतांग दर्रा 25
बारालाचा 30
कुंजुम दर्रा 30
अटल टनल नॉर्थ पोर्टल 10
कोससर और सिस्सू 12
न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग -1.5
मनाली 5.2
शिमला 7.0
सोलन 8.2
भुंतर 8.3
हमीरपुर 9.0
धर्मशाला 9.2
पालमपुर 9.5
चंबा 10.4
ऊना 10.6
नाहन 12.1