हिमाचल के सिरमौर जिले की नाहन जेल से 21 मार्च से फरार कैदी पुष्पराज को जेल पुलिस के दो कर्मियों ने बंजार के तांदी में प्रेमिका संग धर दबोचा। जेल पुलिस टीम के जवान फरार कैदी को नाहन जेल ले जा पाते इससे पहले नेरचौक के पास कैदी ने प्रेमिका संग पुलिस कस्टडी में जहर निगल लिया।
दोनों की तबीयत बिगड़ता देखकर पुलिस कर्मी उन्हें रती थाना ले गए। दोनों के साथ पांच साल का बच्चा भी था। इससे पहले की रती थाना पुलिस दोनों से पूछताछ करती, दोनों ने उल्टियां करना शुरू कर दिया। तबीयत को ज्यादा बिगड़ता देख पुलिस कर्मी उन्हें रती अस्पताल में ले गए।
प्राथमिक इलाज के दोनों को यहां से जोनल अस्पताल मंडी रेफर किया गया। अब दोनों की हालत स्थिर है। बल्ह थाना एसएचओ संजीव सूद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आईपीसी की धारा 309 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।