पुलिस ने सीएम के गृहक्षेत्र से करीब सवा दो लाख के नकली नोट एक व्यक्ति से बरामद किए थे। बैंक में एक लाख नकली नोटों की एफडी करवाने पहुंचे आरोपी के घर में सवा लाख की जाली करेंसी फिर बरमाद हुई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे यह रकम मलाणा में गिरी मिली है। लेकिन पुलिस ने चरस कनेक्शन को देखते हुए मामले में मलाणा से कुछ गिरफ्तारियां की थीं।
यहां मिला सुराग- मलाणा में पुलिस ने गिरफ्तार किए देवा नाम के व्यक्ति से उगलवाया था कि अंकित नाम का व्यक्ति दिल्ली से है और उसके साथ चरस को लेकर डील हुई थी। इस आधार पर गोहर पुलिस थाना प्रभारी मनोज वालिया ने मलाणा पड़ताल के बाद दिल्ली में दबिश देकर रोहतक से लॉ के दो छात्रों को धर दबोचा।
दोनों ने कबूला गुनाह- डीएसपी मंडी हितेश लखनपाल ने सोमवार को दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ में कई राज उगले हैं। पुलिस दो अन्य युवकों को भी तलाश कर रही है। इन युवकों ने पहली बार ही नकली नोट छापे थे लेकिन पकड़े गए। दोनों युवकों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे। दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया है।
फूट-फूट कर रोए परिजन- पुलिस के अनुसार दोनों युवकों के परिजन बीमार हैं। एक की मां हार्ट की मरीज है और अस्पताल में भर्ती है। दूसरे के परिजन भी बीमार हैं। दोनों की गिरफ्तारियों के दौरान परिजन फूट-फूट कर रोए। वहीं देर रात तक पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही थी।