हिमाचल पुलिस के हाथ लगा फर्जी सेनाकर्मी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। सेना की वर्दी में घूमने वाला यह शातिर बैंकों को भी चूना लगाने वाला था। इसके लिए उसने साजिश भी रच डाली थी। मंडी में पकड़ा गया फर्जी सैनिक बेहद शातिर दिमाग है। जांच में एक के बाद एक नए खुलासे हो रहे हैं। मंडी पहुंचने से पहले फर्जी सैनिक नटवर लाल बनकर चैलचौक स्थित दो बड़े बैंकों को भी चूना लगाने की फिराक में था।
लेकिन यहां उसकी दाल नहीं गली। फर्जी सैनिक ने चैलचौक स्थित एसबीआई और पीएनबी बैंक में पिछले एक सप्ताह से डेरा जमाकर बैंक अधिकारियों को झांसे में लेकर बैंक में गड़बड़झाले करने की फिराक में था। बताया जा रहा है कि आरोपी शिव कुमार चैलचौक के एसबीआई बैंक में दो दिन पहले गया था और बैंक अधिकारियों को यह कह कर झांसे में ले रहा था कि उसके खाते में लोन के 16 लाख जमा हैं।