मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कभी गिद्ध दृष्टि, कभी पीटेंगे कहने वाले संयम रखें। हमारे पास बोलने के लिए बहुत कुछ है। बोलना शुरू करेंगे तो उनको सुनना मुश्किल होगा।
नवरात्र के पहले दिन गुरुवार को मंडी में भाजपा के ब्रिगेडियर कुशाल चंद ने सीएम जयराम ठाकुर की मौजूदगी में जिला निर्वाचन अधिकारी अरिंदम चौधरी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद डीसी परिसर से सेरी मंच तक रैली निकालकर भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
पारंपरिक वाद्य यंत्रों की ध्वनियों के बीच समर्थकों ने जयराम और कुशाल को कंधों पर उठाकर मंच तक पहुंचाया। यहां मंच से जयराम ने विपक्ष को चेताया कि उपचुनाव सौहार्द में हों। ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस के सारे चिट्ठे उनके पास हैं। कांग्रेस की शुक्रवार को होने वाली रैली के बाद जुबानी जंग तय होगी। कभी गिद्ध दृष्टि, कभी पीटेंगे कहने वाले संयम रखें। हमारे पास बोलने के लिए बहुत कुछ है। बोलना शुरू करेंगे तो उनको सुनना मुश्किल होगा।
उन्होंने कहा कि बड़े वरिष्ठ नेताओं ने मंडी का प्रतिनिधित्व किया है। वीरभद्र रहे, महेश्वर सिंह रहे लेकिन सबसे अधिक मार्जन से जीत का रिकॉर्ड रामस्वरूप ही बना पाए। उनको विनम्र श्रद्धाजंलि है। उन्होंने कुशाल को योद्धा बताते हुए कहा कि जैसे उन्होंने कारगिल युद्ध जीता, वैसे ही अब उन्हें मंडी जीतने की जिम्मेदारी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने दी है।
विज्ञापन
नेरचौक में उतरेगा बड़ा विमान
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि नेरचौक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का रनवे 3100 मीटर का बनेगा। इस रनवे पर बड़ा हवाई जहाज भी उतर पाएगा। लीडार सर्वे में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को हरी झंडी दे दी गई है। तीन दिन पहले इसकी रिपोर्ट प्रदेश सरकार के पास पहुंच गई है।