जोधपुर के भोपालगढ़ थाना क्षेत्र में महिलाओं और बुजुर्गों को पीटने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग महिला, बुजुर्ग या फिर जो भी सामने आ रहा है उन पर बेरहमी से लाठियां बरसा रहे हैं। वीडियो में दिख रही एक महिला और लड़की आसपास के लोगों से बचाने की गुहार लगा रही है। इस दौरान कुछ लोग लड़ाई शांत कराने का प्रयास करते हैं, लेकिन मारपीट करने रहे लोग रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।
वायरल वीडियो बासनी के सिलावट उप स्वास्थ्य केंद्र के बाहर का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि जिन महिलाओं के साथ मारपीट हो रही वह भी बदमाशों का पूरी हिम्मत से सामना कर रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में आपसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक दर्जन लोग आपस में कर रहे मारपीट
वीडियो में करीब एक दर्जन लोग आपस में मारपीट कर रहे हैं। कुछ लोगों के पास लकड़ी के मोटे-मोटे डंडे हैं और वे महिला, बुजुर्गों को जमीन पर गिराकर पीट रहे हैं। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।