राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में अवैध संबध में बाधा बन रहे पति को पत्नी ने जहर पिला दिया। इससे युवक की हालत बिगड़ गई। वह दूसरे घर में रह रही अपनी मां के पास पहुंचा और फिर बेहोश हो गया। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस के अनुसार मामला हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा का है। एसआई हरबंस सिंह ने बताया कि कमलेश (45) पत्नी अशोक कुमार वाल्मीकि निवासी वार्ड 5, पीलीबंगा ने अपने बेटे मुकेश कुमार के साथ थाने पहुंचकर एक केस दर्ज कराया है। अपनी रिपोर्ट में महिला ने बताया कि उसके बेटे नरसी की शादी 13 साल पहले मीना से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। पिछले कुछ साल से उसकी बहू मीना का काकू पुत्र छोटूलाल वाल्मीकि निवासी पीलीबंगा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसके चलते मीना आए दिन पति नरसी से झगड़ा और मारपीट करती है।
रोज-रोज के झगड़े से तंग आकर उसने पुश्तैनी मकान में मीना को हिस्सा दे दिया। तब मीना और उसका पति उस मकान में रह रहा है, जबकि वह और उसका परिवार किराए के मकान में रह रहे हैं। मीना कई बार उसके और अपने पति के खिलाफ थाने में झूठी शिकायत दर्ज करा चुकी है। जिन्हें पुलिस ने जांच के बाद खारिज कर दिया।
पीड़िता कमलेश ने बताया कि मीना का भाई राकेश और पिता जगदीश आए दिन फोन कर नरसी को जान से मारने की धमकी देते रहते हैं। कहते हैं कि तुझे जान से मारकर मीना की शादी काकू के साथ कर देंगे। नरसी के काम पर जाने के बाद उसकी पत्नी मीना का प्रेमी घर आता था। कुछ दिन पहले नरसी को इस बात का पता चल गया। जिसके बाद उसने मीना से उसके अवैध संबंध को लेकर पूछताछ की तो मीना और उसके प्रेमी काकू ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
इसके बाद मीना को समझाइश दी गई तो उसने काकू से संबंध तोड़ने की बात कही, लेकिन कुछ दिन बाद वह उससे फिर मिलने लगी। 4 अक्टूबर को नरसी काम पर गया था। रात करीब 9 बजे वह वापस घर आया तो उसने मीना से पानी मांगा। पानी पीते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। नरसी उसके घर आया और उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि नरसी को जहर दिया गया है। इसके बाद उसे हनुमानगढ़ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। कमलेश ने पुलिस से कहा कि अपने पति से छुटकारा पाने के लिए मीना ने ही उसे जहर दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।