घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोग और पुलिस
- फोटो : अमर उजालाा
राजस्थान के सिरोही जिले के आबूरोड शहर के केसरगंज क्षेत्र में ब्रह्मपुरी कॉलोनी के पास सीवरेज कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान बुधवार की सुबह मिट्टी धंस गई, जिससे मौके पर काम कर रहे चार श्रमिक उसके नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलने पर माउंटआबू डीवाईएसपी अचलसिंह, नगरपालिका चेयरमैन मगनदान चारण, आबूरोड एसडीएम वीरमाराम, आबूरोड शहर थानाधिकारी बंशीलाल साद और एएसआई भरत कुमार प्रजापत अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायलों को बाहर निकालकर आकराभट्टा स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां, डॉक्टरों ने दो श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल अन्य दोनों श्रमिकों का इलाज चल रहा है।
पाइपलाइन कनेक्शन का काम कर रहे थे श्रमिक
माउंटआबू डीवाईएसपी अचलसिंह ने बताया कि आबूरोड शहर के केसरगंज क्षेत्र में ब्रह्मपुरी कॉलोनी के पास सीवरेज का काम चल रहा था। जहां चार श्रमिक चैंबर में पाइपलाइन कनेक्शन का काम कर रहे थे। उस दौरान अचानक मिट्टी अंदर धंस गई और चारों श्रमिक उसमें दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। खासी मशक्कत के बाद मिट्टी में दबे श्रमिकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मृत श्रमिकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
‘कंपनी के अधिकारी घायलों का हाल तक पूछने नहीं आए’
वहीं, आसपास के लोगों ने बताया कि यह कार्य रातभर चल रहा था। लेकिन न तो वहां पर लाइट की कोई व्यवस्था थी और न ही जनरेटर था। इसके साथ ही मिट्टी भी गीली थी। सभी श्रमिक अंधेरे में काम कर रहे थे। इस वजह से यह हादसा हुआ। इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी अभी तक एलएनटी तथा रूडीफ के कोई जिम्मेदार अधिकारी न तो मौके पर पहुंचे और न ही अस्पताल पहुंचकर घायलों की कुशलक्षेम तक पूछने की जरूरत समझी।
नहीं थे सुरक्षा के कोई प्रबंध
शहर में एलएनटी द्वारा सीवरेज का काम करवाया जा रहा है। कंपनी ने यह काम किसी शर्माजी को सेबलेट कर रखा था। प्रथम दृष्टया मौके पर सुरक्षा के निर्धारित मापदंडों की अनदेखी करना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है। घायलों का इलाज किया जा रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।