राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) की प्री परीक्षा को लेकर होईकोर्ट ने मंगलवार को एक अहम फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने प्री परीक्षा के परिणाम को रद्द कर दिया है। इससे आरएएस की मुख्य परीक्षा भी स्थगित हो गई है। जल्द ही इसके आदेश भी जारी कर दिए जाएंगे।
दरअसल, आरएएस प्री की परीक्षा के बाद हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई थी। इसमें 12 सवालों को गलत बताया गया था। याचिका पर लगातार सुनवाई की जा रही थी। मंगलवार को कोर्ट ने अहम फैसला सुनाते हुए आरएएस प्री का रिजल्ट खारिज कर दिया। साथ ही पांच सवालों की जांच के लिए कमेटी बनाने के आदेश दिए हैं।
जस्टिस महेन्द्र गोयल की बेंच ने अंकित शर्मा और अन्य की याचिका पर आदेश देते हुए कहा कि जांच के बाद आरएएस का रिजल्ट दोबारा से जारी किया जाए।
25-26 को होनी थी मुख्य परीक्षा
राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) की मुख्य परीक्षा 25 और 26 फरवरी को होनी थी, इसमें सिर्फ तीन दिन ही बचे थी। परीक्षा को स्थगित करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी दस फरवरी से परीक्षा सत्याग्रह पर बैठे थे। कोर्ट के इस फैसले के बाद परीक्षा खुद ही स्थगित हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कल कहा था स्थगित नहीं होगी मेन्स परीक्षा
सीएम अशोक गहलोत ने सोमवार को ही कहा था कि आरएएस की मुख्य परीक्षा स्थगित नहीं होगी। उन्होंने इस मांग को गलत ठहराया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि प्रतियोगी परीक्षाएं और भर्तियां तय समय में करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।