फरार लुटेरी दुल्हन और गिरफ्तार दलाल।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में एक व्यक्ति ने 17 लाख रुपए देकर शादी की और दुल्हल को घर लेकर आया। कुछ दिन बाद मायके जाने की बात कहकर वह घर से चली गई। कई दिन तक वापस नहीं लौटने पर युवक ने उसके बारे में जानकारी की तो पता चला कि उसके साथ धोखा हुआ है। जिस लड़की से उसकी शादी हुई वह फर्जी है। युवक की शिकायत के सात महीने बाद पुलिस ने अब 17 लाख रुपए लेकर शादी कराने वाले दलाल को गिरफ्तार कर लिया है। आज उसे भीनमाल न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जा सकता है।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने सात महीने पर फर्जी दुल्हन और उसके दलाल को पकड़ने के लिए थानाधिकारी छतरसिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाई थी। कई जगह दबिश देने के बाद भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था, लेकिन बीते सोमवार को पुलिस टीम ने गुजरात के पाटन के सिद्धपुर क्षेत्र के हाथ देथली में रहने वाले अंदुजी उर्फ इंदु भाई पुत्र बच्चू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे फर्जी दुल्हन के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
जानें...क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार 2 जून 2021 को जूनी बाली निवासी हरि सिंह राजपूत ने शादी के नाम पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। उसने पुलिस को बताया कि शादी कराने के लिए फरवरी में उसने हरि सिंह को 17 लाख रुपए दिए थे। उसने राधा नाम की एक 23 साल की युवती उसकी शादी कराई थी। शादी के कुछ दिन तक लड़की उसके साथ रही फिर बाद में घर से चली गई। जांच पड़ताल करने पर उसे अपने साथ हुई ठगी की जानकारी लगी।