राजस्थान के नागौर जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने लेडी डॉन कमला चौधरी उर्फ कोमल को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एमडी भी बरामद की है।
कमला एमडी तस्कर प्रेम विश्नोई की मुख्य सहयोगी भी है। बीते साल कमला ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर बंदूक से फायर किया था और जिला पुलिस अधीक्षक को धमकी भी दी थी।
नागौर जिला पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने लेडी डॉन कमला उर्फ कोमल चौधरी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 14 .73 ग्राम एमडी स्मैक बरामद की गई है।
24 साल की कमला चौधरी बारानी गांव की रहने वाली है। वह लगातार सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालती रहती है। पुलिस कमला से पूछताछ कर रही है।