कोटा शहर के तलवंडी में एक ही हॉस्टल में दो छात्रों ने आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में कोटा सिटी एसपी ने हॉस्टल का निरीक्षण कर तलवंडी के कृष्णकुंज हॉस्टल को सीज करने के लिए फाइल जिला कलेक्टर को भेज दी है। इस मामले में प्रशासन अब कोताही बरतने के मूड में नहीं है।
बता दें कि पिछले दिनों तलवंडी के कृष्णकुंज हॉस्टल में रहने वाले दो छात्रों ने फांसी लगा ली थी। एसपी केशर सिंह शेखावत ने कृष्णकुंज हॉस्टल में रहने वाले 15 अन्य छात्रों को भी अन्यत्र शिफ्ट करने की अनुशंसा की है। जिससे इसे सीज किया जा सके। इसके अलावा प्रशासन सभी शहर के हॉस्टल का निरीक्षण भी कर रही है। इस दौरान हॉस्टल गाइडलाइन की पालना नहीं पाए जाने पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जा रही है।
उत्तर नगर निगम की फायर सेफ्टी विभाग ने गुरुवार को हॉस्टल फायर सेफ्टी उपकरण नहीं पाए जाने पर एक हॉस्टल को सीज कर दिया था। प्रशासन के सख्त रुख से हॉस्टल संचालकों में खलबली मची हुई है। आननफानन में सभी हॉस्टल संचालन की गाइड लाइन की पालना के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।