पटियाला। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भाजपा के सीनियर नेता गुरतेज सिंह ढिल्लो को पत्र लिखकर पटियाला-सरहिंद रोड और पटियाला-नाभा रोड को फोरलेन करवाने के काम को जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि ढिल्लो पिछले दिनों निजी तौर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में उनके निवास स्थान पर मिल कर आए थे। भाजपा नेता गुरतेज सिंह ढिल्लो ने गडकरी द्वारा भेजे पत्र का धन्यवाद करते कहा कि इन दोनों सड़कों के फोरलेन होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
ढिल्लो ने कहा कि उपरोक्त फोरलेन प्रोजेक्टों के संबंध में पंजाब सरकार भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इनकी डीपीआर जल्द से जल्द तैयार करवाकर केंद्र को भेजे, ताकि इन प्रोजेक्टों के लिए सेंटर रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (सीआरआईएफ) द्वारा काम जल्द शुरू करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि इन प्रोजेक्टों के लिए सारा पैसा सेंटर की तरफ से दिया जाएगा। 110 करोड रुपये पटियाला-सरहिंद रोड के लिए और 32.52 लाख रुपये पटियाला-नाभा रोड के लिए केंद्र की तरफ से भेजा जाएगा। इन प्रोजेक्टों पर पंजाब सरकार का कोई पैसा नहीं लगेगा।