पीआरटीसी के बस कंडक्टर को पीट कर उससे मोबाइल फोन और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। देर शाम नाभा-मालेरकोटला रोड स्थित बलराज थिएटर के नजदीक पीआरटीसी की बस पंचर हो गई है।
इसी बीच बस से बाहर खडे़ कंडक्टर विशाल शर्मा पुत्र रविंदर कुमार वासी पटियाला पर तीन अज्ञात नौजवानों ने लोहे की राड और गन्ने से हमला कर उसका मोबाइल और बैग में पड़ी नकदी छीन ली।
नाभा के सिविल अस्पताल में उपचाराधीन विशाल ने बताया कि अचनाक बस पंचर हो गई थी। सवारियों को दूसरी बस में बैठाने के बाद बस का चालक पंचर की दुकान का पता लगाने के लिए अभी कुछ दूर गया था। इस बीच एक नौजवान बस में दाखिल हुआ।
जब उससे खड़ी बस में भीतर जाने का कारण पूछा तो उसने गन्ने से हमला कर दिया। तभी उसके दो अन्य साथी लोहे की राड लेकर उस पर टूट पडे़। इसी बीच उक्त नौजवानों ने बैग में पड़ी नकदी और उसका मोबाइल फोन लेकर भागने में सफल हो गए।
इस संदर्भ में उसकी शिकायत पर नाभा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस संदर्भ में सदर प्रभारी एसआई बिक्रमजीत सिंह घुम्मण ने कहा कि वह खुद मौके पर जाकर आए थे। इस मामले की जांच एएसआई जसपाल सिंह को सौंप दी है।