मोहाली। मार्केट कमेटी खरड़ में पड़ते सभी गांवों की लिंक सड़कों की मरम्मत का काम युद्घ स्तर पर जारी है। कमेटी के चेयरमैन हरकेश चंद शर्मा मच्छलीकलां खुद इस काम की देखरेख कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने इन सड़कों के मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। चेयरमैन ने बताया कि पंजाब के सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्घू और तकनीकी शिक्षा मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी के प्रयासों से ही हलका खरड़ और चमकौर साहिब में पड़ते गांवों की लिंक सड़कों के लिए फंडो की कमी नहीं आ रही है। मार्केट कमेटी की हद में आते गांवों में निर्माण कार्य के तीसरे फेज के तहत गांव घडुआं की फिरनी और कन्या स्कूल तक जाती सड़क, खरड़-मोरिंडा रोड से गांव घडुआं को जाती लिंक सड़क की मरम्मत का काम जारी है।
इसी तरह गांव मजात, टोडरमाजरा, महदूदां, मजातड़ी की फिरनी, गांव पांतड़ा के शमशान घाट को जाती सड़क, गांव रोड़ा, रूड़की पुख्ता, गांव सिल की गुरुद्वारा साहिब जाती सड़क, गांव बासियां से दुबाली को जाती सड़क का भी निर्माण कार्य चल रहा है। गांव चोल्टाकलां की फिरनी, खरड़ बस्सी रोड से चोल्टा खुर्द, गांव नगल फैजगढ़ की सड़क, गांव नियामियां से मलकपुर, गांव रंगिया की फिरनी, गांव रसनहेड़ी, गब्बेमाजरा और नगल फैजगढ़, गांव दुबाली की फिरनी और गांव मदनहेड़ी की सड़क का निर्माण आने वाले कुछ दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद इन गांवों के लोगों को आवाजाही में आ रही परेशानी से निजात मिल जाएगी। इसके अलावा आने वाले कुछ दिनों में उक्त गांवों के अलावा रहते इलाके के अन्य गांवों सकरूलापुर, बत्ता, लहरा, झंजेड़ी, मकड़ियां, चुन्नी लांडरा रोड को जाती सड़क, स्वाड़ा, घंडोली, भगतमाजरा, पलहेड़ी, टपरिंया, जक्कड़माजरा, सैनीमाजरा आदि की लिंक सड़कों का काम भी शुरू करवा दिया जाएगा।