लुधियाना के शक्ति नगर इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय भगदड़ मच गई, जब जोली फैब्रिक्स गारमेंट्स में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रुप धारण कर लिया। फैक्टरी में आग की चिंगारियां वहां खड़ी एक्टिवा पर पड़ गई और उसके पेट्रोल टैंक की वजह से आग एक दम फैल गई। आग की वजह से धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था।
आग की चलते पूरे इलाके में दहशत फैल गई और आस-पास की बिल्डिगों को भी खाली करवा दिया गया। फायर ब्रिगेड को जानकारी मिलते ही सभी स्टेशनों से गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। पानी की तीस गाड़ियां डाल कर करीब दो से ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। बाकी फायर ब्रिगेड की टीम जांच में जुटी है कि आग किस कारण लगी है।
यह भी पढ़ें: पंजाब सरकार-राज्यपाल विवाद: सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणी-गवर्नर को कुछ अंदेशा भी है... वो आग से खेल रहे हैं
फैक्ट्री के मालिक नवीन जोली ने बताया कि रोजाना की तरह वह गुरुवार रात को फैक्टरी को ताला लगाकर चले गए थे। एक एक्टिवा फैक्टरी के कामकाज के लिए ले रखी है, रात को वह अंदर ही खड़ी कर जाते है। शुक्रवार सुबह अचानक से फैक्टरी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ज्यादा फैल गई और अंदर खड़ी एक्टिवा के पेट्रोल टैंक तक चिंगारी पहुंच गई। जिस कारण टंकी में छोटा से ब्लास्ट हो गया।
धमाके की आवाज सुन कर आस-पास के लोग बाहर निकले तो फैक्टरी के अंदर से धुआं निकल रहा था। लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार बेकाबू होती गई। लोगों ने आस-पास की फैक्टरियों को भी खाली करवाया और आग पर लगातार पानी डालते रहे। मगर आग का धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। जिसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। आग पर तीस गाड़ियां पानी की डाली गई और करीब दो से ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। आग की सूचना मिलते ही आस-पास इलाके में रहने वाले लोग मौके पर जमा हो गए। थाना टिब्बा की पुलिस ने भीड़ पर काबू पाया। अभी तक यही पता चल पाया है कि आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी है। बाकी टीम जांच करने में जुटी है।