पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के लुधियाना में पुलिस चौकी दंगल का अखाड़ा बन गई। लुधियाना के डिवीजन आठ थाने के अधीन आती चौकी कैलाश चौक में कॉलेज स्टूडेंट्स के दो गुट आपस में भिड़ गए। निजी कॉलेज के दो गुट झगड़ा करने के बाद शिकायत करने पहुंचे तो चौकी के अंदर ही पुलिस के सामने जमकर लात घूसे चले। किसी बात को लेकर पहले कॉलेज में विद्यार्थियों की मारपीट हुई और चौकी में आकर फिर से झगड़े पर उतारू हो गए।
इसके बाद पुलिस मुलाजिमों ने उन्हें खींचकर बाहर निकाला। उसके बाद उन पर हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग के बाद सभी तितर बितर हो गए। हालांकि कई वीडियो भी सामने आए हैं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डिवीजन आठ के एसएचओ इंस्पेक्टर दविंदर शर्मा ने कहा कि किसी को बक्शा नहीं जाएगा। जिसका कसूर होगा उसके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार विद्यार्थियों के दो गुट किसी बात को लेकर मंगलवार को कॉलेज में भिड़ गए थे। दोनों गुटों ने चौकी कैलाश चौक में पुलिस के पास शिकायत दी थी। पुलिस ने दोनों गुटों को बुधवार की सुबह बुलाया था ताकि दोनों पक्षों की बात सुनकर आगे की कार्रवाई की जाए।
दोनों गुट चौकी पहुंचे थे तो वहां पर किसी बात को लेकर फिर से दोनों गुट बहस पर उतारू हो गए। पुलिस मुलाजिम अभी उन्हें समझा रहे थे कि अचानक से दोनों गुटों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। दोनों गुट चौकी इंचार्ज के दफ्तर के अंदर ही भिड़ गए।
चौकी का सामान भी टूटा
बताया जाता है कि दोनों गुटों के बीच हुई मारपीट के कारण चौकी का कुछ सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। कुर्सियां और दरवाजे भी टूटे हैं। ड्यूटी पर तैनात सभी मुलाजिम इंचार्ज के दफ्तर में आ गए और उन्होंने पहले दोनों गुटों का बीच बचाव किया, लेकिन जब नहीं माने तो पुलिस ने सभी को खींच-खींचकर बाहर निकाला। चौकी के बाहर भी विद्यार्थी भिड़ गए तो पुलिस ने तितर बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद युवक वहां से भागे। झड़प में दो युवकों के घायल होने की खबर है। थाना डिवीजन आठ के एसएचओ इंस्पेक्टर दविंदर शर्मा ने बताया कि चौकी में लगे कैमरे की फुटेज चेक की जा रही है जिन युवकों का कसूर होगा उनके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।