हलवारा। खेतों में खड़ी गेहूं की नाड़ को आग लगाने से एयरफोर्स स्टेशन हलवारा में बुधवार को हड़कंप मच गया। खेतों में लगी आग एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य गेट तक पहुंच गई। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। तुरंत एयरफोर्स स्टेशन की दमकलों ने आग बुझाई। गौरतलब है कि एयरफोर्स स्टेशन के अधिकारियों ने आसपास के किसानों को बुलाकर पहले ही आग नहीं लगाने की बात कही थी। किसान चंद पैसे बचाने के चक्कर में देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने से नहीं चूक रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन अधिकारी भी इस मामले पर चुप्पी साधे बैठे हैं।
गौरतलब है कि धान और गेहूं की कटाई के बाद एयरफोर्स अधिकारी आसपास के गांव की पंचायतों के साथ बैठक करते हैं। उन्हें पराली या फिर नाड़ को आग नहीं लगाने संबंधी अपील करते हैं। इससे उठने वाले धुएं से देखने की क्षमता कम हो जाती है। ऐसे में एयरफोर्स को अपनी उड़ान भरने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। किसानों पर इस अपील का कोई असर नहीं हो रहा है। वह धड़ल्ले से खेतों में नाड़ को आग लगा रहे हैं। बुधवार सुबह से एयरफोर्स स्टेशन के आसपास एरिया में खेतों में आग ही आग दिखाई दे रही है।