बठिंडा। डबवाली नेशनल हाईवे पर डूमवाली में बने रिलायंस के पेट्रोल पंप कारिंदों से बाइक सवार 9 लाख 91 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। थाना संगत पुलिस ने पंप के कारिंदे अमनदीप सिंह के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। जिस जगह लूट हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस का नाका है, लेकिन इसके बावजूद लुटेरे बेखौफ होकर लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए।
पुलिस को दर्ज करवाए बयान में अमनदीप सिंह ने बताया कि वीरवार को सुबह करीब दस बजे जब उनके साथी हरशपिंदर सिंह और राजविंदर सिंह पंप की नकदी 9 लाख 91 हजार रुपये जमा करवाने के लिए बैग में लेकर डबवाली के एक्सिस बैंक की तरफ पंप से रवाना हुए तो थोड़ी दूरी आगे दो लुटेरे धरा धमकाकर कारिंदों से राशि लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद हरशपिंदर सिंह और राजविंदर सिंह ने इसकी सूचना पेट्रोल पंप पर आकर दी। जिसके बाद पंप के अधिकारियों ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई। थाना संगत के तहत आती पुलिस चौकी पथराला के एएसआई हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस ने पंप के सुपरवाइजर अमनदीप सिंह के बयान पर लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही कई एंगल से जांच
थाना संगत के इंस्पेक्टर रजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस लूट की घटना के बारे में कई एंगल से जांच कर रही। उन्होंने बताया कि जिन पंप कारिंदों से लूट हुई है, उनसे भी पुलिस ने पूछताछ की है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्दी ही मामले को ट्रेस कर लेगी।
पिस्तौल के बल पर दुकानदार से मोबाइल और नकदी लूटी
चुनाव को लेकर जिले में बढ़ाई सुरक्षा के बावजूद जिले में लूटपाट की वारदात नहीं रुक रही है। पिछले एक सप्ताह में कई वारदात हो चुकी हैं। वीरवार रात अजीत रोड पर दो युवक पिस्तौल के बल पर एक दुकानदार से पैसे और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए थे। वहीं जाते समय उसके सिर पर पिस्तौल से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इन लुटेरों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है। पीड़ित मोसिद सलमानी ने बताया कि वह अजीत रोड गली नंबर दो के पास न्यू स्टाइल हेयर ड्रेसर की दुकान करता है।
वीरवार रात्रि करीब सवार नौ बजे वह दुकान बंद कर रहा था, अचानक दो अज्ञात युवक जबरदस्ती दुकान में घुस गए। दोनों युवकों ने अपना चेहरा ढका हुआ था। दोनों ने पिस्तौल निकालकर सिर पर तान दी और पैसे व मोबाइल फोन छीन लिए। इसी तरह शुक्रवार दोपहर को अमरीक सिंह रोड पर स्थित सब्जी मंडी के पास पैदल जा रहे व्यक्ति से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।