अबोहर। शायद ही ऐसा कोई विधायक हो जो चुनाव जीतने के बाद अपने विधानसभा हलके के गांव में साढ़े चार वर्ष तक कभी न गया हो। लेकिन हलका बल्लूआना के कांग्रेसी विधायक नत्थूराम ने ऐसा कर दिखाया है। गांव केराखेड़ा के लोगों ने सरकारी स्कूल में शुक्रवार को पहुंचे विधायक का घेराव करने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा गार्डों द्वारा स्कूल का गेट बंद कर दिया। इससे विधायक और लोगों के बीच जमकर नोक-झोंक हुई और बाद में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच विधायक नत्थूराम को वहां से बाहर निकाला गया।
गांव केराखेड़ा के सरकारी स्कूल में हलका बल्ल्लूआन के विधायक नत्थूराम जिम का शुभारंभ करने पहुंचे थे। कार्यक्रम में विधायक के पहुंचने का पता चलते ही बड़ी संख्या में किसान नेता व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्कूल परिसर को घेर लिया। यह ग्रामीण और किसान विधायक को बंधक बनाने का प्रयास कर रहे थे कि इनके मंसूबों को भांपते हुए विधायक के सुरक्षा गार्डों व थाना सदर की पुलिस ने स्कूल का मुख्य गेट बंद कर दिया। इससे किसान व ग्रामीण स्कूल के अंदर नहीं घुस सके। काफी देर बाद विधायक नत्थूराम जैसे ही बाहर आए तो उन्हें देखकर किसानों ने जोर-जोर से यह कहना शुरू कर दिया कि यह हैं हमारे विधायक जिन्होंने साढ़े चार वर्ष बाद आज लोगों को दर्शन दिए हैं। इस दौरान विधायक हाथ जोड़े रहे।
गेट के बाहर खड़े किसानों ने विधायक से पूछा कि उनके वोटों से जीत हासिल करने के बाद आप साढ़े चार वर्ष तक कहां रहे और आज इस गांव में क्या लेने आए हैं। इस पर विधायक ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। किसानों ने कहा कि पिछले वर्ष भारी बरसात से उनके क्षेत्र में आई बाढ़ से किसानों की नरमा की फसल तबाह हो गई, लेकिन आपने न तो किसी किसान की सुध ली और न ही पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए उनकी मदद की। विधायक ने कहा कि मैं इसी काम में लगा हुआ हूं और आपका मुआवजा पास हो गया है, लेकिन एक किसान को कितना मुआवजा मिलेगा इस पर विधायक जवाब नहीं दे पाए। इससे ग्रामीणों ने विधायक व कांग्रेस सरकार को जमकर खरीखोटी सुनाई। बाद में थाना सदर के प्रभारी गुरविंदर सिंह ने पुलिस टीम के सहयोग से विधायक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।
अगर विधायक गांव में वोट मांगने आए तो करेंगे उनका घेराव
भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के पदाधिकारी संदीप सिंह, सोनू तिन्ना, सर्वजीत सिंह, जज सिंह व हरी सिंह आदि ने बताया कि पिछले चुनाव में हलका बल्लूआना की जनता ने विधायक नत्थूराम को शानदार मतों से विजयी बनाया था। इसके बावजूद अपने पूरे कार्यकाल में विधायक ने हलके के विकास के लिए कोई कदम नहीं उठाया। इतना ही नहीं कोई भी व्यक्ति इनके पास अपने किसी जायज कार्य के लिए गया तो इनका एक ही जवाब होता था कि हमारी चलती ही नहीं है। आज के बाद अगर विधायक नत्थूराम उनके गांव में वोट मांगने आए तो उनका घेराव किया जाएगा।