जालंधर के बाबू जगजीवन राम चौक पर बेकाबू ट्रक ने साइकिल रिपेयर करने वाले व्यक्ति को कुचल दिया। व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बस्ती शेख निवासी मनजीत कुमार के रूप में हुई है। मनजीत बस्ती शेख में साइकिल रिपेयर की दुकान चलाता था।
सोमवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे वह किसी काम से बाबू जगजीवन राम चौक से पैदल जा रहा था। वहां कोछड़ धर्मकांटा पर एक ट्रक वजन तुलवाकर बाहर निकला। बाबू जगजीवन राम चौक से निकल रहे ओवरलोड ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। ट्रक चालक शव को घसीटते ले गया।
मंजीत कुमार का शव ट्रक के नीचे आने से पूरी तरह क्षत विक्षत हो गया। उसके शव को इकट्ठा करने के लिए पुलिस को कस्सी का इस्तेमाल करना पड़ा। सूचना मिलते ही मनजीत कुमार के परिजन मौके पर पहुंचे। यह दर्दनाक हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी की फुटेज से पता चला कि 7:53 पर मनजीत कुमार वहां से निकला।
इस दौरान ट्रक चालक ने उसे पीछे से टक्कर मारी और साथ ही घसीटते ले गया। वहीं ट्रक चालक वहां से भाग निकला। सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि लोग ट्रक चालक को रुकने के लिए आवाज दे रहे हैं लेकिन वह नहीं रुकता। आम आदमी पार्टी के नेता शीतल अंगुराल और भाजपा नेता महेंद्र भगत भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने थोड़ी देर बाद ट्रक चालक को काबू कर लिया। पुलिस जांच में जुट गई है।
फिरोजपुर: धुंध में बंगाली पुल पर दो बसों में टक्कर, 24 जख्मी
मक्खू-अमृतसर राजमार्ग स्थित बंगाली पुल पर सोमवार सुबह घनी धुंध के कारण आमने-सामने दो बसों की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बसों के चालक समेत 24 लोग गंभीर हो गए। जख्मियों को स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक राज ट्रांसपोर्ट की बस अमृतसर से मक्खू की तरफ आ रही थी जबकि दीप बस सर्विस की बस मक्खू से अमृतसर जा रही थी। घनी धुंध के कारण बंगाली पुल पर दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। राज बस का चालक मानक अपनी सीट में फंस गया, बड़ी मशक्कत के बाद उसे निकाला गया। इस हादसे में दोनों बसों के लगभग 22 यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं, जिन्हें मरहम पट्टी करवा कर अस्पताल से छुट्टी दे दी। दोनों बसों के चालक गंभीर जख्मी हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बसों को वहां से हटाकर बंगाली पुल का रास्ता साफ करवाया। दोनों बसों के यात्रियों को किसी और बस के जरिये उनके निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया।